इंदौर की सेंट्रल जेल में सूती कपड़े से मास्क तैयार कर रहे कैदी, एक दिन में 500 से ज्यादा मास्क बन रहे, कीमत 10 रुपए

इंदाैर. कोरोनावायरस के खतरे से देशभर में अलर्ट जारी किया गया है। शहर में मास्क की कमी के चलते सेंट्रल जेल प्रशासन ने कैदियों से मास्क बनवाए जाने का निर्णय लिया है। जेल में मास्क बनाने का काम तेजी से चल रहा है। यह मास्क बाजार में 10 रुपए में बेचे जा रहे हैं। वहीं, सोमवार को सेंट्रल जेल में कैदियों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया, इसमें कैदियों के सभी प्रकार के चेकअप किए गए। जेल अधीक्षक के मुताबिक, यदि सरकारी हॉस्पिटल से मास्क बनवाने के ऑर्डर आते हैं तो हम कैदियों से इसे जल्द बनवा सकते हैं।



सेंटर जेल अधीक्षक राकेश भांगरे ने बताया कि कोरोनावायरस से बचने के लिए इंदौर की सेंट्रल जेल के कैदी सूती कपड़े से मास्क बना रहे हैं। कैदी प्रतिदिन 500 मास्क तैयार कर रहे हैं। इन मास्क को बंदी, स्टाफ और कैदियों से मिलने आने वाले परिजन को भी दिए जा रहे हैं। ज्यादा मात्रा में मास्क के तैयार होने पर इसे 10 रुपए में इंदौरवासियों को उपलब्ध करवाया जाएगा।


नए कैदी और बंदियों के लिए अलग से वॉर्ड


भांगरे के बताया कि जेल में संक्रमण से सुरक्षा के लिहाज से सावधानी बरती जा रही है। जेल में आने वाले नए बंदियों को रखने के लिए एक अलग वाॅर्ड बनाया गया है। इसमें पैरोल से वापस आने वाले कैदी और विचाराधीन बंदियों को रखा जाएगा। इन बंदियों को एक हफ्ते इस स्पेशल वॉर्ड में रखने के बाद दूसरे वाॅर्ड में शिफ्ट किया जाएगा।